रायगढ़। सांस्कृतिक नगरी रायगढ़ के ऐतिहासिक ‘चक्रधर समारोह’ में बीती रात सुरों का ऐसा जादू बिखरा कि पूरा कार्यक्रम स्थल देर रात तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। मंच पर जब बहुचर्चित गायक हीरो अनुराग शर्मा ने कमान संभाली, तो महफिल पूरी तरह सुरमई हो गई। उन्होंने एक से बढ़कर एक सदाबहार हिंदी गीतों और लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी नगमों की ऐसी झड़ी लगाई कि देर रात तक दर्शक अपनी कुर्सियों पर जमे रहे।
हिंदी और छत्तीसगढ़ी गीतों की शानदार जुगलबंदी
अनुराग शर्मा ने मंच संभालते ही अपने चिर-परिचित अंदाज़ और सधी हुई आवाज़ से समां बांध दिया। उन्होंने जहां कर्णप्रिय हिंदी गानों से श्रोताओं को भावविभोर किया, वहीं जब माटी की खुशबू से सराबोर छत्तीसगढ़ी गीतों की तान छेड़ी, तो पूरा कार्यक्रम स्थल झूम उठा। युवाओं से लेकर बुजुर्ग संगीत प्रेमी अपनी जगह पर थिरकते नजर आए।
देर रात तक पैर रखने की जगह नहीं
आमतौर पर देर रात होते ही कम होने वाली भीड़ का नज़ारा कल बिल्कुल जुदा था। देर रात तक कार्यक्रम स्थल में तिल धरने की जगह नहीं थी और पूरा परिसर खचाखच भरा रहा। हर गीत के खत्म होते ही दर्शकों की ओर से ‘वन्स मोर’ के नारे गूंजते रहे। श्रोताओं का यह उत्साह देखकर खुद कलाकार भी अभिभूत नजर आए। कला प्रेमियों ने इसे इस बार के चक्रधर समारोह की सबसे जीवंत और यादगार प्रस्तुतियों में से एक बताया।

Related News

हाथरस की मिट्टी से निकलकर संभाली छत्तीसगढ़ की कमान: जानिए कौन हैं भाजपा के नए संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह
September 24, 2026
चक्रधर समारोह में कला का संगम: रायगढ़ कथक घराने को आगे बढ़ा रहीं डॉ. यास्मीन सिंह और रंगकर्मी डॉ. योगेन्द्र चौबे से खास रूबरू
September 17, 2026