रायगढ़/खरसिया। सादगी, ईमानदारी और कठोर परिश्रम को जीवन का मूलमंत्र मानकर जीने वाले स्वर्गीय भागवत शरण शुक्ला जी की आज 2 नवंबर को अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार 5वीं पुण्यतिथि है। इस अवसर पर उनके परिजनों, परिचितों और शुभचिंतकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को नमन किया।
स्वर्गीय भागवत शरण शुक्ला जी का जन्म 30 मई 1950 को हुआ था और 2 नवंबर 2021 को वे भौतिक संसार को त्यागकर प्रभु चरणों में लीन हो गए थे। उच्च शिक्षित व्यक्तित्व के धनी स्वर्गीय शुक्ला जी ने एम.कॉम. (M.Com) तक की शिक्षा प्राप्त की थी। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में भी अपना अमूल्य योगदान दिया और खरसिया स्थित नेशनल कॉन्वेंट स्कूल के प्रिंसिपल पद पर अपनी सेवाएं देते हुए कई विद्यार्थियों का भविष्य संवारा। इसके साथ ही वे एक कुशल एवं सफल किराना व्यवसायी के रूप में भी प्रतिष्ठित रहे। व्यापार हो या शिक्षा का क्षेत्र, उन्होंने हमेशा सत्य, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को सर्वोपरि रखा।
पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए उनके परिजनों ने अत्यंत भावुक शब्दों में कहा कि पिताजी का संघर्ष, ईमानदारी और सादगी भरा जीवन सदैव मार्गदर्शक बना रहेगा। माता-पिता के बिना जीवन में जो सूनापन आया है, उसकी भरपाई कभी संभव नहीं है। उनके दिए संस्कार, सीख और मूल्य ही जीवन के हर मोड़ पर संबल और दिशा प्रदान कर रहे हैं।
5वीं पुण्यतिथि के अवसर पर परिजनों एवं शुभचिंतकों ने स्वर्गीय भागवत शरण शुक्ला जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें सादर नमन किया एवं उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।



